राष्ट्रीय
08-May-2026
...


- डिलिमिटेशन कमेटी में किस रिटायर्ड जज को शामिल करना है, यह भी तय, डिलिमिटेशन के बाद का नक्शा भी अभी से तैयार मुंबई, (ईएमएस)। पूरे भारत में दंगे भड़काने की साजिश भारतीय जनता पार्टी द्वारा रची जा रही है और इसके लिए प्रशिक्षण भी शुरू किए जाने की जानकारी सामने आई है। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद से ही धार्मिक तनाव पैदा करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 2002 में गुजरात में जिस तरह दंगे करवाए गए थे, उसी तर्ज पर पूरे देश में दंगे कराकर 2029 का चुनाव जीतने की साजिश पहले से ही रची गई है और विधानसभा चुनावों के बाद शुरू हुई हिंसा उसका पहला कदम है, ऐसा गंभीर आरोप कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने लगाया है। मुंबई के दादर स्थित तिलक भवन में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल, असम सहित पांच राज्यों के चुनावों में हिंदू-मुस्लिम वैमनस्य बढ़ाने वाला एजेंडा चलाया। इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं है, क्योंकि जनगणना के बाद जनवरी 2028 से डिलिमिटेशन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। डिलिमिटेशन के लिए सुप्रीम कोर्ट के किस सेवानिवृत्त न्यायाधीश को डिलिमिटेशन कमेटी में शामिल करना है, यह पहले से तय कर लिया गया है। डिलिमिटेशन के बाद बनने वाले निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा भी तैयार कर लिया गया है, ऐसा भी हर्षवर्धन सपकाल ने कहा। तमिलनाडु की राजनीतिक परिस्थितियों पर बोलते हुए हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि चुनाव के बाद बनी परिस्थितियों को देखते हुए जोसेफ विजय की पार्टी को समर्थन देने का निर्णय स्थानीय नेताओं और प्रभारियों द्वारा सभी पक्षों से चर्चा करने के बाद पार्टी नेतृत्व ने लिया है। टीवीके पार्टी के साथ चुनाव से पहले ही गठबंधन करने की मांग स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा की जा रही थी। यदि उसी समय ऐसा निर्णय लिया गया होता, तो कांग्रेस के अधिक विधायक भी चुने जाते। लेकिन लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ने वाले दलों के साथ गठबंधन करने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है, ऐसा भी सपकाल ने कहा। मुंबई महानगरपालिका द्वारा शौचालय निर्माण में भ्रष्टाचार किए जाने के सवाल पर जवाब देते हुए सपकाल ने कहा कि भ्रष्टाचार करने के लिए भाजपा को अब शौचालय की जगह भी कम पड़ रही है। इससे पहले सुलभ शौचालयों में भी भाजपा ने भ्रष्टाचार किया था। मोहित कंबोज को मलाई और कार्यकर्ताओं को सिर्फ शौचालय की जगह ऐसा तंज भी सपकाल ने कसा। संतोष झा- ०८ मई/२०२६/ईएमएस