इन्दौर (ईएमएस) किसी फिल्म की कहानी के अनुसार बार बार भेष बदलकर शातिर फरार आरोपी का पीछा कर पुलिस टीम ने अंततः ड्राइवर बनकर उसे दबोच लिया। मामला भंवरकुआं थाना क्षेत्र का है जहां वर्षों से फरार चल रहे 15 मामलों के स्थायी वारंटी आनंद पिता भूरू मांडले उम्र तीस साल निवासी समता नगर इंदौर, को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी संतोष दूधी के अनुसार स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। भंवरकुआं थाने के 15 मामलों का स्थायी वारंटी मांडले पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था, जो कई वर्षों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन हर बार वह बच निकलता था। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार शहर और ठिकाने बदल रहा था। इसी बीच टीम को सूचना मिली कि फरार आरोपी आनंद मांडले गुजरात से बस के जरिए इंदौर आने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी तक पहुंचने के लिए अलग-अलग रूप धारण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए खुद बस चालक बनकर आरोपी पर नजर रखी। जैसे ही आरोपी इंदौर पहुंचा, टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस अब आरोपी से अन्य मामलों में पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि उसके खिलाफ चोरी, लूट, अवैध वसूली, नकबजनी और मारपीट जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। जिसमें उसके खिलाफ कुल 15 स्थायी वारंट जारी थे। लंबे समय से फरार रहने के कारण पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही थी। उसको पकड़ने में प्रआर राजेश उपाध्याय, आर. किशन और जीवन सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आनंद पुरोहित/ 08 मई 2026