:: प्रणाम उदंत मार्तंड : पत्रकारिता के वैचारिक अधिष्ठान और नए भारत के निर्माण पर होगा गंभीर मंथन, सुर-ताल के साथ थमेगी शाम :: भोपाल (ईएमएस)। राजधानी के कला केंद्र भारत भवन में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय संविमर्श प्रणाम उदंत मार्तंड का दूसरा दिन यानी 9 मई विचारों के जीवंत महाकुंभ का साक्षी बनेगा। इस गरिमामय आयोजन के विशेष सत्र में राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश जी मुख्य रूप से उपस्थित होकर प्रबुद्ध जनों और विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद करेंगे। शनिवार को आयोजित होने वाले विभिन्न सत्रों में पत्रकारिता के बदलते आयामों, वैचारिक अधिष्ठान और नए भारत के निर्माण में मीडिया की भूमिका पर देश के जाने-माने संपादक और वरिष्ठ पत्रकार गहन विमर्श करेंगे। दिन की शुरुआत प्रातः 10:30 बजे भारतीय पत्रकारिता का वैचारिक अधिष्ठान विषय के साथ होगी। इस महत्वपूर्ण विमर्श में विष्णुप्रकाश त्रिपाठी, प्रो. सोमा बंदोपाध्याय, प्रफुल्ल केतकर, अतुल तारे और प्रो. कृपाशंकर चौबे जैसे विद्वान अपने विचार साझा करेंगे, जबकि सत्र का समन्वय डॉ. मुकेश मिश्र करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से भूमंडलीकरण के बाद का भारत और मीडिया विषय पर केंद्रित सत्र का आयोजन होगा। इस सत्र में अमिताभ अग्निहोत्री, नगमा सहर, सईद अंसारी, डॉ. बृजेश कुमार सिंह और दिलीप कुमार शर्मा जैसे मीडिया जगत के दिग्गज वैश्विक बदलावों के बीच भारतीय मीडिया की दशा और दिशा पर अपनी बेबाक राय रखेंगे। सत्र का सूत्रधार आदित्य श्रीवास्तव होंगे। दोपहर 3 बजे से आयोजित होने वाला विशेष सत्र नए भारत का निर्माण और हम भारत के लोग विषय पर केंद्रित रहेगा। इस सत्र का मुख्य आकर्षण राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश जी का उद्बोधन और संवाद होगा। उनके साथ मंच पर उदय सिन्हा, विकास मिश्र और प्रत्यूष रंजन भी वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वरिष्ठ पत्रकार गिरीश उपाध्याय के संचालन में होने वाला यह सत्र नए भारत की आकांक्षाओं और जनभागीदारी के विविध पहलुओं को उजागर करेगा। वैचारिक विमर्श की इस श्रृंखला का समापन शाम 7 बजे भारत भवन के अंतरंग सभागार में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या अंतर्वाणी के साथ होगा। इस संध्या में नई दिल्ली से आईं विख्यात नृत्यांगनाएं अनसूया मजूमदार और सुदर्शी भट्टाचार्य कथक नृत्य की मोहक प्रस्तुति देंगी। सुर, ताल और विचारों का यह अद्भुत संगम राजधानी के बौद्धिक और सांस्कृतिक जगत के लिए एक यादगार अनुभव सिद्ध होगा। प्रकाश/08 मई 2026