क्षेत्रीय
09-May-2026
...


गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (ईएमएस)। जिले के मरवाही वनमंडल में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में साल की लकड़ी जब्त की है। विभाग की टीम ने घेराबंदी कर दो ठिकानों पर छापा मारा, जहां जंगलों से काटकर छिपाई गई लकड़ी बरामद की गई। वन विभाग को सूचना मिली थी कि पिपरखुंटी बीट क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ी को घरों में छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर डीएफओ ग्रीष्मी चांद के नेतृत्व में वन विभाग के उड़नदस्ते ने देर रात कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान टीम ने लगभग 2 लाख रुपए कीमत की 136 नग साल की चिरान लकड़ी और 11 बड़े लट्ठे जब्त किए। इसके अलावा लकड़ी कटाई में इस्तेमाल होने वाली इलेक्ट्रिक चेनसॉ मशीन, हाथ आरी और कुल्हाड़ियां भी बरामद की गईं। वन विभाग ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि गौरेला वनपरिक्षेत्र के पीपरखूंटी बीट में 122 पेड़ों की अवैध कटाई की शिकायत सामने आने के बाद रायपुर से फ्लाइंग स्क्वायड टीम जांच के लिए पहुंची थी। जांच में लापरवाही पाए जाने पर पीपरखूंटी सर्किल के डिप्टी रेंजर और बीट गार्ड को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। - (ईएमएस) 09 मई 2026