रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 24 वर्षीय युवक ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को शादी का लालच देकर बाइक पर बिठाकर खरसिया ले गया और वहां 2-3 दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता ने 4 मई को भूपदेवपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 30 अप्रैल की रात उनकी बेटी घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, लेकिन बेटी का कोई अता-पता नहीं चला। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। अपराध दर्ज होने के अगले दिन ही पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लापता नाबालिग खरसिया में दिखाई दी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंचने ही वाली थी कि इस बीच बालिका खुद घर वापस आ गई। परिजनों ने उसे थाने ले जाकर बयान दिलवाया। नाबालिग ने महिला पुलिस अधिकारी को बताया कि भूपदेवपुर निवासी त्रिलोचन चौहान (24) ने उसे शादी का झांसा देकर मोटरसाइकिल पर बिठाया और खरसिया ले गया। वहां उसने 2-3 दिनों तक उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में धारा 64 BNS तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 6 जोड़कर कार्रवाई तेज कर दी। भूपदेवपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी त्रिलोचन चौहान को भूपदेवपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है। - (ईएमएस) 09 मई 2026