कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जिस कराटे प्रशिक्षक पर माता-पिता ने अपनी बेटी की सुरक्षा और प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी थी, उसी ने 9 साल की मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत करते हुए दुष्कर्म करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में गुस्से और डर का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार यह घटना कल्याण पश्चिम के महात्मा फुले पुलिस थाना क्षेत्र की है। आरोपी का नाम गिरीश वाघमारे बताया गया है, जो बच्चों को कराटे सिखाता था। पीड़ित बच्ची भी उसके पास प्रशिक्षण लेने जाती थी। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले आरोपी ने बच्ची को यह कहकर अपने घर बुलाया कि बाकी लड़कियां भी अभ्यास के लिए आने वाली हैं। लेकिन जब बच्ची वहां पहुंची, तो घर में कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और दुष्कर्म का प्रयास किया। घर लौटने के बाद बच्ची ने पूरी घटना अपने माता-पिता को बताई। बच्ची ने यह भी खुलासा किया कि आरोपी पहले भी उसके साथ ऐसी हरकत करने की कोशिश कर चुका है। यह सुनते ही परिवार और स्थानीय लोग गुस्से में आरोपी के घर पहुंच गए और विरोध जताया। सूचना मिलते ही महात्मा फुले पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी गिरीश वाघमारे को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने कराटे सीखने आने वाली अन्य नाबालिग लड़कियों के साथ भी ऐसा कृत्य किया है ? - ०९ मई/२०२६/ईएमएस