क्षेत्रीय
09-May-2026
...


सक्ती (ईएमएस)। जिले के जैजैपुर थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा नंदेली बस स्टैंड के पास दो तेज रफ्तार कारों की आमने-सामने टक्कर से हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान पुनिराम टंडन (52 वर्ष) के रूप में हुई है। वे अपने साथियों के साथ ग्राम ठठारी में एक बारात में शामिल होने के लिए ट्राइबर कार CG 11 BN 6925 से जा रहे थे। कार में सवार ओमकार प्रसाद चंद्रा (40 वर्ष) और अंजोर चंद्रा (27 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्राइबर कार जब नंदेली बस स्टैंड के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो CG 04 HA 5832 ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और ट्राइबर में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जैजैपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना बताया जा रहा है। जांच जारी है। - (ईएमएस) 09 मई 2026