ठाणे, (ईएमएस)। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ठाणे और मुलुंड के बीच नए रेलवे स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र भेजकर जानकारी दी। दरअसल लंबे समय से बढ़ती भीड़ को देखते हुए इस स्टेशन की मांग की जा रही थी। मालूम हो कि ठाणे स्टेशन पर हर दिन करीब 7 से 8 लाख यात्री लोकल ट्रेन से सफर करते हैं। ऐसे में नए स्टेशन के बनने से ठाणे और मुलुंड दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ कम होने की उम्मीद है। बॉम्बे हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद राज्य सरकार ने साल 2023 में ठाणे मनोरोग अस्पताल की 14.83 एकड़ जमीन रेलवे स्टेशन निर्माण के लिए हस्तांतरित की थी। अनुमान है कि नए स्टेशन से भीड़ में करीब 31 प्रतिशत तक कमी आ सकती है। यह नया स्टेशन खास तौर पर घोड़बंदर रोड और वागले एस्टेट इलाके के यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। शुरुआत में इस परियोजना की लागत 120 करोड़ रुपये आंकी गई थी, लेकिन अब इसके 245 करोड़ रुपये से अधिक होने की संभावना जताई जा रही है। स्वेता/संतोष झा- ०९ मई/२०२६/ईएमएस