इन्दौर (ईएमएस) करीब ढाई माह पहले लापता हुए 8 साल के कालू को खोजकर लाने वालो को प्रॉपर्टी कारोबारी कृष्णा पटवारी ने 20 हजार रुपए इनाम देने की घोषणा की है। इस 20 हजार के इनाम की घोषणा और कालू की गुमशुदगी का पोस्टर शहर के प्रमुख चौराहे पर लगाया गया है। कालू कोई इन्सान नहीं बल्कि प्रॉपर्टी कारोबारी कृष्णा पटवारी का पालतू डाॅगी हैं और जिसे वे और उनके परिवार के अन्य सदस्य परिवार के सदस्य के रूप में ही प्यार करते हुए रखते थे। बताया जा रहा है कि झमरी पूंछ, बड़े कान और गले में पिंक कलर का बेल्ट तथा रंग काला उसकी पहचान है। वह 21 फरवरी की सुबह करीब 6 बजकर 8 मिनट पर राऊ स्थित सयाजी होटल और मित्तल कोल्ड स्टोरेज के सामने से लापता हो गया था। उसके लापता होने के बाद से इन्दौर के अशोक वाटिका निवासी कृष्णा पटवारी के परिवार के घर का माहौल पूरी तरह बदल गया। उनकी पत्नी हर्षिता पटवारी के अनुसार बच्चों ने खाना-पीना तक छोड़ दिया है और सभी रोजाना करीब 4 घंटे तक अलग-अलग इलाकों में उसकी तलाश करते हैं। वे लोग उसे अब तक देवास, मानपुर, धार, खंडवा, खरगोन, बड़वाह, बड़वानी, झाबुआ और उज्जैन तक तलाश कर चुके हैं, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। हारकर उन्होंने कालू का सुराग देने वाले को बीस हजार के इनाम देने की घोषणा करते उसका पोस्टर राऊ चौराहे पर लगाया है। आनंद पुरोहित/ 09 मई 2026