राज्य
09-May-2026


मुंबई, (ईएमएस)। वैश्विक युद्ध के कारण देश में कच्चे तेल के आयात पर असर पड़ा है। ऐसे में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही थी। इस बीच अब सीएनजी उपभोक्ताओं को भी झटका लगा है। महाराष्ट्र के नाशिक और धुले जिलों में सीएनजी के दाम में 1.50 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है। अचानक हुई इस बढ़ोतरी से वाहन चालकों को अब अधिक खर्च करना पड़ेगा। महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड ने इसकी आधिकारिक घोषणा की है। कंपनी के अनुसार, नई दरें शुक्रवार आधी रात से लागू हो गई हैं। अब नाशिक और धुले में सीएनजी की खुदरा कीमत 95.15 रुपये प्रति किलो हो गई है, जबकि पहले यह 93.65 रुपये प्रति किलो थी। पिछले कई महीनों से सीएनजी के दाम स्थिर थे, लेकिन प्राकृतिक गैस की खरीद लागत बढ़ने के कारण यह फैसला लिया गया है। इस बढ़ोतरी का असर निजी वाहन चालकों, ऑटो रिक्शा चालकों और व्यावसायिक परिवहन सेवाओं पर पड़ेगा। हालांकि कंपनी का कहना है कि सीएनजी अब भी पेट्रोल की तुलना में लगभग 44 प्रतिशत और डीजल की तुलना में करीब 20 प्रतिशत सस्ती है। स्वेता/संतोष झा- ०९ मई/२०२६/ईएमएस