मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई की एक सत्र अदालत ने नेस्को म्यूजिक कॉन्सर्ट में हुए घातक ड्रग ओवरडोज मामले में तीन आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी, जबकि कॉन्सर्ट के आयोजकों में शामिल आकाश सामल को राहत देते हुए जमानत दे दी गई। अदालत ने कथित ड्रग सप्लायर रौनक खंडेलवाल, प्रतीक पांडे और नेस्को एग्जीबिशन सेंटर के वरिष्ठ अधिकारी सनी जैन की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं। मामले के विस्तृत आदेश अभी उपलब्ध नहीं हुए हैं। आकाश सामल की ओर से पेश वकील साक्षी माने ने अदालत में कहा कि सामल और उनकी कंपनी की भूमिका केवल कलाकार प्रबंधन तक सीमित थी। उन्होंने दलील दी कि सामल और नेस्को पर कार्यक्रम स्थल पर ड्रग्स की एंट्री की साजिश रचने का आरोप प्रथम दृष्टया साबित नहीं होता। बचाव पक्ष ने यह भी कहा कि सामल स्वयं इस घटना के “पीड़ित” हैं और एक युवा व्यवसायी के तौर पर उन्हें मेहमानों की गतिविधियों या नेस्को की कथित संलिप्तता की कोई जानकारी नहीं थी। दरअसल यह मामला पिछले महीने 11 अप्रैल का है, जब गोरेगांव (पूर्व) स्थित नेस्को में आयोजित एक म्यूजिक कॉन्सर्ट के दौरान प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान के 19 एमबीए छात्रों के समूह में शामिल 28 वर्षीय युवक और 24 वर्षीय युवती ने कथित रूप से एक्स्टेसी की गोलियां लेने के बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायत की थी। दोनों की अगले दिन मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद पुलिस ने उनके दो साथी छात्रों रौनक खंडेलवाल और प्रतीक पांडे को ड्रग्स उपलब्ध कराने के आरोप में गिरफ्तार किया था। स्वेता/संतोष झा- ०९ मई/२०२६/ईएमएस