क्षेत्रीय
09-May-2026
...


औरंगाबाद, (ईएमएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र स्थित उचौली गांव में इंडियन बैंक की शाखा में रिकवरी एजेंट की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान माधव खाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में हुई है। घटना कल सुबह करीब 10.30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार बैंक के सुरक्षा गार्ड अभय कुमार सिंह की डबल बैरल बंदूक से अचानक गोली चल गई, जो राजेंद्र पासवान को जा लगी। गंभीर हालत में उन्हें मदनपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि सुरक्षा गार्ड ने जानबूझकर गोली चलाई, जबकि गार्ड का कहना है कि वह बंदूक की सफाई कर रहा था और इसी दौरान गलती से फायर हो गया। मदनपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि पुलिस ने सुरक्षा गार्ड को हिरासत में ले लिया है और हथियार जब्त कर लिया गया है। परिजनों की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली चलना हादसा था या फिर जानबूझकर की गई कार्रवाई। - ०९ मई/२०२६/ईएमएस