क्षेत्रीय
09-May-2026
...


धमतरी (ईएमएस)। जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महावीर चौक पर हुए बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह वारदात बुधवार देर रात हुई थी, जब पैसों के लेन-देन और बाइक दुर्घटना को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक अन्नु निर्मलकर का आरोपियों से पुराने पैसों के लेन-देन और एक सड़क दुर्घटना को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी शिवम साहू, चिरंजीवी दीवान और राहुल कंवर ने पहले गाली-गलौज और मारपीट की और फिर हमला कर दिया। बताया गया कि झगड़े के दौरान शिवम साहू ने चाकू से अन्नु निर्मलकर के गले पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। भखारा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में चिरंजीवी दीवान (30 वर्ष) और राहुल कंवर (20 वर्ष) शामिल हैं, जबकि एक नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है और घटना में प्रयुक्त हथियार की भी तलाश की जा रही है। - (ईएमएस) 09 मई 2026