क्षेत्रीय
09-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। रायपुर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा नगर निगम रायपुर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट छाँव अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम जोन 4 स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों, कर्मचारियों, आमजनों और राहगीरों को चार डिब्बा सफाई प्रणाली के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन जोन 4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, सहायक अभियंता गुलाबचन्द्र कर्ष, दीपक देवांगन तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर उपस्थित रहे। जोन स्वास्थ्य अधिकारी वीरेन्द्र चंद्राकर ने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के तहत 1 अप्रैल 2026 से चार डिब्बा सफाई प्रणाली प्रभावशील हो चुकी है। इसके अंतर्गत नागरिकों से घरों में चार अलग-अलग डस्टबिन रखने की अपील की गई। उन्होंने लोगों से अपील की कि कचरे को पृथक-पृथक संग्रहित कर सफाई वाहन में दें, ताकि रायपुर को स्वच्छ और सुंदर राजधानी बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके। - 09 मई 2026