- दूर तक घिसटती गई बाइक, साथी की हालत गंभीर, भोपाल(ईएमएस)। देहात क्षेत्र के बैरसिया इलाके में बाइक से पूजन सामग्री लेकर घर लौट रहे पुजारी और उसके साथी को तेज रफ्तार कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। एक्सीडेंट में गंभीर रुप से घायल पुजारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया वहीं उसके साथी की हालत गंभीत बताई जा रही है। एक्सीडेंट के बाद आरोपी कार चालक फरार बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बरेला खेड़ा बैरसिया का रहने वाला संजू शर्मा (28) पिता रामबाबू शर्मा पूजा पाठ का काम करता था। संजू का विवाह 5 साल पहले हुआ उसका 3 साल का बेटा है। शुक्रवार शाम को वह पूजन सामग्री लेने के लिये बैरसिया मार्केट आया था, सामान खरीदने बाद वह साथी रणवीर के साथ बाइके से वापस घर के लिए लौट रहा था। घर के पास ही मेन रोड पर उनकी बाइक को कार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनो चलती बाइक सहित सड़क पर गिरकर घिसटते चले गये। घटना के बाद कार भी सड़क से उतरने के बाद एक खेत में जाकर पलट गई। घटना में संजू को गंभीर चोटें आई थी, दोनो को इलाज के लिये पास के अस्पताल ले जाया गया जहां से उन्हें हमीदिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहॉ संजू की इलाज के दौरान शनिवार अलसुबह मौत हो गई। जबकि संजू का साथी बाइक चालक रणवीर की हालत गंभीर बनी हुई है, उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया गया है कि आरोपी चालक कार में अकेला था, जो गाड़ी से निकलकर फरार हो गया। बैरसिया थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जुनेद / 9 मई