राज्य
09-May-2026


भोपाल(ईएमएस)। राजधानी में सीआईएसएफ जवान की पत्नी के साथ सायबर जालसाजो ने करीब पांच लाख रुपए की ठगी कर ली। इसकी शिकायत राष्ट्रीय हेल्प लाइन में की गई थी, जिसके बाद प्रकरण शहर की गांधी नगर थाना पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस के अनुसार पीड़िता घरेलू महिला हैं। उसके पति सीआईएसएफ में तैनात है। 16 अप्रैल को उसके पास एक इंस्टाग्राम ग्रुप ज्वाइन करने के लिए मैसेज आया। उसका लिंक ओपन करने पर उसे इन्वेस्ट करने पर होने मोटे मुनाफे का झांसा दिया गया। इसके बाद इंस्टा के ग्रुप मेंबर के कहने पर महिला ने पहले सौ फिर लाखों की रकम जमा कर दी। उसे एप पर ही मोटा मुनाफा दिखाया गया, इसके बाद उसने पांच लाख रुपए से अधिक की रकम जमा कर दी। बाद में जब उसने अपना प्रॉफिट निकालने का प्रयास किया तब जालसाजो रकम निकालने के लिये प्रोसेस और कई तरह के टैक्स बताकर और रकम मांगी। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ तब उसने राष्ट्रीय हेल्प लाइन में शिकायत दर्ज कराई। गांधी नगर पुलिस ने फिलहाल आरोपियों के खिलाफ जालसाजी का प्रकरण दर्ज कर जॉच शुरु कर दी है। जुनेद / 9 मई