व्यापार
10-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिग्गज टेक कंपनी सैमसंग ने एंड्राएड 16 आधारित वन यूआई 8.5 का स्टेबल रोलआउट शुरू कर दिया है। कंपनी द्वारा हाल ही में गैलेक्सी एस26 सीरीज में पेश किए गए कई एडवांस फीचर्स अब पुराने प्रीमियम गैलेक्सी डिवाइसेस में भी देखने को मिलेंगे। वन यूआई 8.5 में यूजर्स को नया इंटरफेस, बेहतर एआई टूल्स, स्मार्ट कैमरा फीचर्स, मजबूत प्राइवेसी कंट्रोल और अपग्रेडेड बिक्बी जैसे कई बड़े बदलाव मिलेंगे। कंपनी ने फिलहाल शुरुआती चरण में फ्लैगशिप डिवाइसेस को प्राथमिकता दी है। इसके बाद अलग-अलग देशों में अन्य समर्थित डिवाइसेस के लिए यह अपडेट धीरे-धीरे जारी किया जाएगा। वन यूआई 8.5 में सैमसंग ने गैलेक्सी एआई फीचर्स को और ज्यादा उन्नत बनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें नए एआई टूल्स, स्मार्ट सजेशन और बेहतर मल्टीटास्किंग फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा जेमिनी लाइव और एआई रिजल्ट व्यू जैसे फीचर्स भी शामिल किए गए हैं, जिससे यूजर एक्सपीरियंस पहले से ज्यादा स्मार्ट और आसान हो जाएगा। अब यूजर्स स्क्रीन शेयरिंग, फोटो एडिटिंग और एआई आधारित कई टास्क को अधिक सहज तरीके से इस्तेमाल कर पाएंगे। कैमरा ऐप में भी बड़े बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने कैमरा इंटरफेस को ज्यादा क्लीन और यूजर-फ्रेंडली बनाया है ताकि प्रोफेशनल फोटोग्राफी जैसा अनुभव मिल सके। इसके अलावा अपडेट में नई विजेट डिजाइन, स्मूद एनिमेशन और बेहतर नोटिफिकेशन सिस्टम भी दिया गया है। सैमसंग ने अपने वॉयस असिस्टेंट बिक्बी को भी पहले से ज्यादा स्मार्ट बनाया है। अब बिक्बी यूजर्स के सवालों को बेहतर ढंग से समझकर तेज और सटीक जवाब देने में सक्षम होगा। सुरक्षा और प्राइवेसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने नए सिक्योरिटी फीचर्स और एडवांस प्राइवेसी कंट्रोल भी जोड़े हैं। माना जा रहा है कि वन यूआई 8.5 अपडेट सैमसंग यूजर्स को ज्यादा स्मार्ट, सुरक्षित और बेहतर मोबाइल अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगा। इस अपडेट के जरिए सैमसंग अपने कई पुराने फ्लैगशिप स्मार्टफोन और टैबलेट्स में नए गैलेक्सी एआई फीचर्स उपलब्ध कराने जा रहा है। सुदामा/ईएमएस 10 मई 2026