- स्मार्टफोन और यूपीआई के दौर में बढ़ा ई-गिफ्ट वाउचर और डिजिटल कार्ड का चलन नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत में खुशियों और त्योहारों पर तोहफे देने की पुरानी परंपरा अब एक नए डिजिटल स्वरूप में ढल रही है। स्मार्टफोन और यूपीआई के बढ़ते चलन ने लोगों की खरीदारी और गिफ्टिंग की आदतों में बड़ा बदलाव ला दिया है। अब लोग भौतिक वस्तुओं के बजाय ई-गिफ्ट वाउचर और डिजिटल कार्ड भेजना ज्यादा पसंद कर रहे हैं। भारत में डिजिटल गिफ्टिंग अब केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि हर किसी की पहली पसंद बन गई है। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग सुविधा को सबसे ऊपर रखते हैं। डिजिटल गिफ्टिंग ने तोहफे की पसंद-नापसंद की टेंशन खत्म कर दी है। अब आप किसी को उनकी पसंद के ब्रांड का वाउचर भेजकर उन्हें अपनी मर्जी से खरीददारी का मौका देते हैं। इससे न सिर्फ तोहफा देने वाले की मेहनत बचती है, बल्कि आखिरी मिनट में भी तुरंत गिफ्ट भेजने की सुविधा मिलती है और कूरियर के झंझट से भी मुक्ति मिलती है। मिलेनियल्स और जेन-जी जैसे युवा अब भारी-भरकम सामान के बजाय अनुभवों को महत्व देते हैं, इसलिए होटल में खाने, घूमने या शॉपिंग के वाउचर ज्यादा लोकप्रिय हैं। सिर्फ आम लोग ही नहीं, कंपनियां भी अपने कर्मचारियों और ग्राहकों को खुश करने के लिए डिजिटल गिफ्ट्स का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रही हैं, क्योंकि यह हजारों लोगों तक एक साथ आसानी से पहुंच सकता है और इसका उपयोग भी ट्रैक किया जा सकता है। सतीश मोरे/10मई ---