व्यापार
10-May-2026


- बैंकिंग, रियल एस्टेट, एफएमसीजी समेत विभिन्न सेक्टर की कंपनियों ने की घोषणा नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए अगला सप्ताह कमाई के लिहाज से बेहद शानदार रहने वाला है। अगर आप भी स्टॉक मार्केट में निवेश करते हैं और केवल शेयरों के भाव बढ़ने से ही नहीं, बल्कि कंपनी के मुनाफे में हिस्सेदारी यानी ‘डिविडेंड’ से भी पैसा कमाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण है। अगले हफ्ते देश की 10 से अधिक दिग्गज कंपनियां अपने शेयरधारकों को डिविडेंड का बड़ा तोहफा देने जा रही हैं। डिविडेंड वह अतिरिक्त आय होती है जो कंपनियां अपने मुनाफे का एक हिस्सा अपने निवेशकों को नकद के रूप में देती हैं। अगले सप्ताह की शुरुआत यानी सोमवार को दो कंपनियां डिविडेंड के लिए तैयार हैं। गोल्ड लोन सेक्टर की दिग्गज कंपनी मनाप्पुरम फाइनेंस अपने निवेशकों को प्रति शेयर 0.50 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है। इसी दिन पीएई लिमिटेड भी 0.20 रुपये का फाइनल डिविडेंड देगी। मंगलवार को एफएमसीजी सेक्टर की बड़ी कंपनी गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की बारी है। कंपनी ने अपने निवेशकों के लिए प्रति शेयर 5.00 रुपये का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। वहीं, बुधवार को एनआरबी बियरिंग्स लिमिटेड अपने शेयरधारकों को प्रति शेयर 2.25 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी। रियल एस्टेट सेक्टर की दिग्गज कंपनी ओबेरॉय रियल्टी गुरुवार को 2.00 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने जा रही है। सप्ताह का सबसे बड़ा दिन शुक्रवार रहने वाला है, क्योंकि इस दिन एक साथ कई बड़ी कंपनियां अपने डिविडेंड की एक्स-डेट मनाएंगी। निवेश और वेल्थ मैनेजमेंट सेक्टर की कंपनी आनंद राठी वेल्थ अपने निवेशकों को प्रति शेयर 7.00 रुपये का भारी-भरकम फाइनल डिविडेंड देने जा रही है। वहीं, हाउसिंग फाइनेंस सेक्टर की कंपनी एप्टस वैल्यू हाउसिंग भी 2.50 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देगी। होटल और एनर्जी सेक्टर में भी मुनाफे की बारिश होने वाली है। एचबीजी होटल्स लिमिटेड प्रति शेयर 0.15 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देगी, जबकि इंडियन एनर्जी एक्सचेंज ने 2.00 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया है। इसके अलावा, स्नैक्स बनाने वाली कंपनी गोपाल स्नैक्स लिमिटेड भी शुक्रवार को अपनी एक्स-डेट पर होगी, हालांकि कंपनी ने इसके लिए राशि का खुलासा अभी नहीं किया है। निवेशकों के लिए यह उन कंपनियों में निवेश बनाए रखने या रिसर्च के बाद नए निवेश करने का एक बेहतरीन अवसर हो सकता है, जो नियमित रूप से अपने मुनाफे में हिस्सेदारी देती हैं। सतीश मोरे/10मई ---