नई दिल्ली (ईएमएस)। मारुति सुजुकी वैगनआर अप्रैल 2026 की बिक्री रिपोर्ट में देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली हैचबैक कार बन गई है। अप्रैल में वैगनआर को कुल 18,648 नए ग्राहक मिले। इसकी बिक्री में सालाना आधार पर 39 प्रतिशत की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई। अप्रैल 2025 में इसकी कुल बिक्री 13,414 यूनिट रही थी। मारुति सुजुकी वैगनआर अपनी लोकप्रिय ‘टॉल बॉय’ डिजाइन के कारण लंबे समय से भारतीय परिवारों की पसंदीदा कार बनी हुई है। इसका बॉक्सी डिजाइन इसे सड़क पर अलग पहचान देता है। कंपनी ने नए मॉडल में कई आधुनिक फीचर्स भी जोड़े हैं, जिससे इसकी लोकप्रियता और बढ़ी है। फीचर्स की बात करें तो वैगनआर में 7-इंच का स्मार्टप्ले स्टूडियो टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। यह सिस्टम एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। इसके अलावा कार में स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, प्रीमियम फैब्रिक सीटें और 341 लीटर का बड़ा बूट स्पेस दिया गया है, जो इसे फैमिली कार के तौर पर और उपयोगी बनाता है। सेफ्टी के लिहाज से भी कंपनी ने कई जरूरी फीचर्स शामिल किए हैं। इसके अलावा सीट बेल्ट रिमाइंडर और स्पीड अलर्ट सिस्टम जैसे फीचर्स भी कार को आधुनिक सुरक्षा मानकों के करीब लाते हैं। कम कीमत, बेहतर माइलेज, बड़े केबिन स्पेस और भरोसेमंद परफॉर्मेंस के चलते वैगनआर भारतीय ग्राहकों के बीच लगातार मजबूत पकड़ बनाए हुए है। वैगनआर को हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। हालांकि ग्लोबल एनसीएपी क्रैश टेस्ट में इसे 1-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। इसके बावजूद कार में डुअल फ्रंट एयरबैग्स, एबीएस के साथ ईबीडी, रियर पार्किंग सेंसर और हिल-होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सुदामा/ईएमएस 10 मई 2026