नई दिल्ली (ईएमएस)। अप्रैल 2026 में भी हुंडई क्रेटा ने शानदार बिक्री के दम पर अपने सेगमेंट में पहला स्थान बरकरार रखा। अप्रैल महीने में हुंडई क्रेटा की कुल 15,291 यूनिट बिकीं, जबकि अप्रैल 2025 में यह आंकड़ा 17,016 यूनिट था। हुंडई क्रेटा की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 10.72 लाख रुपये है। कंपनी इस एसयूवी को कई एडवांस फीचर्स और मजबूत सेफ्टी पैकेज के साथ पेश करती है। वित्त वर्ष 2026 के दौरान क्रेटा की कुल 1,84,083 यूनिट बिक्री हुई, जिसके चलते यह देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की सूची में तीसरे स्थान पर रही। हुंडई क्रेटा को कुल सात वैरिएंट्स में उपलब्ध कराया गया है। इनमें ई, ईएक्स, एस, एस (ओ), एसएक्स, एसएक्स टेक और एसएक्स (ओ) शामिल हैं। इसके बेस मॉडल में भी प्रीमियम डिजाइन देखने को मिलता है। एसयूवी में बड़ी फ्रंट ग्रिल, एलईडी डीआरएल और प्रोजेक्टर हेडलैंप दिए गए हैं। इंटीरियर की बात करें तो बेस वैरिएंट में भी आधुनिक डैशबोर्ड लेआउट मिलता है। इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, मैनुअल एसी, फ्रंट और रियर यूएसबी पोर्ट, सभी पावर विंडो और सेंट्रल लॉकिंग जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा रियर एसी वेंट, एडजस्टेबल हेडरेस्ट और सभी यात्रियों के लिए 3-पॉइंट सीटबेल्ट जैसी सुविधाएं भी मौजूद हैं। एसयूवी को पेट्रोल और डीजल दोनों इंजन विकल्पों के साथ खरीदा जा सकता है। इसमें 6-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स का विकल्प मिलता है। भारतीय बाजार में हुंडई क्रेटा का मुकाबला एमजी एस्टर, मारुति ग्रैंड विटारा, मारुति विक्टोरिस, टोयोटा हाइराइडर, स्कोडा कुशाक, फॉक्सवैगन ताइगुन, होंडा एलिवेट और सिट्रोन सी3 एयरक्रॉस जैसी एसयूवी से होता है। वहीं आने वाले समय में टाटा सिएरा भी इस सेगमेंट में चुनौती पेश कर सकती है। क्रेटा के टॉप वैरिएंट में लेवल-2 एडीएएस सहित करीब 70 एडवांस फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे सेफ्टी और टेक्नोलॉजी के मामले में मजबूत बनाते हैं। सुदामा/ईएमएस 10 मई 2026