नई दिल्ली (ईएमएस)। अप्रैल 2026 की बिक्री रिपोर्ट में टाटा मोटर्स की टाटा पंच सबसे ज्यादा बिकने वाली एसयूवी बनकर सामने आई है। अप्रैल महीने में टाटा पंच को कुल 19,107 नए ग्राहक मिले, जो पिछले साल अप्रैल 2025 के मुकाबले 53 प्रतिशत ज्यादा है। एक साल पहले इसकी बिक्री 12,496 यूनिट रही थी। शानदार प्रदर्शन के साथ टाटा पंच ने हुंडई क्रेटा, टाटा नेक्सन और मारुति सुजुकी ब्रेजा जैसी लोकप्रिय एसयूवी को पीछे छोड़ दिया। बिक्री सूची में दूसरे स्थान पर मारुति सुजुकी फ्रोंक्स रही। फ्रोंक्स की बिक्री में 31 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दर्ज की गई और इसकी 18,829 यूनिट बिकीं। वहीं तीसरे स्थान पर टाटा नेक्सन रही, जिसकी बिक्री 17 प्रतिशत बढ़कर 18,126 यूनिट तक पहुंच गई। हुंडई क्रेटा इस सूची में चौथे नंबर पर रही। हालांकि इसकी बिक्री में 10 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और अप्रैल में इसकी 15,291 यूनिट बिकीं। पांचवें स्थान पर महिंद्रा स्कॉर्पियो रही, जिसकी बिक्री 14,719 यूनिट रही। वहीं मारुति सुजुकी ब्रेजा 14,124 यूनिट बिक्री के साथ छठे स्थान पर रही। मारुति सुजुकी की नई एसयूवी विक्टोरिस ने भी बाजार में अच्छी शुरुआत की और 13,701 यूनिट बिक्री के साथ सातवें स्थान पर रही। हुंडई वेन्यू 12,420 यूनिट के साथ आठवें नंबर पर रही, जबकि किआ सेल्टोस 10,566 यूनिट बिक्री के साथ नौवें स्थान पर रही। सूची में दसवें स्थान पर किआ सोनेट रही। सुदामा/ईएमएस 10 मई 2026