क्षेत्रीय
10-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। ललिता पार्क स्थित शिव शक्ति मंदिर के पास चल रही मीट की दुकानों को लेकर ज्वाइंट एक्शन कमेटी आरडब्ल्यूए लक्ष्मी नगर ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। धार्मिक भावना आहत होने और आस्था का हवाला देते हुए मंदिर के रास्ते में लग रही इन दुकानों पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही आरोप लगाया है कि इस मामले में कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। स्थानीय निवासी व कमेटी के मनीष गर्ग ने बताया कि मंदिर की 20 मीटर की परिधि में मीट की दुकान खुली है, जो न सिर्फ हिंदू धर्म की आस्था का अनादर है, बल्कि सरकारी नियमों का भी खुलकर उल्लंघन है। जिस रास्ते में ये दुकानें संचालित हो रही हैं, वहां से प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर के लिए गुजरते हैं। मंदिर के बगल में चल रहे ढाबे और दुकान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं। इस मामले को लेकर कई बार नगर निगम शहादरा साउथ जोन के उपायुक्त और स्थानीय प्रशासन को शिकायत दी गई, पर आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों में काफी रोष है। लोगों ने मांग की है कि ललिता पार्क समेत इलाके के सभी धार्मिक स्थलों के आसपास धार्मिक आस्था का अनादर करने वाली गतिविधियों को बंद कराया जाए। - नई दिल्ली/ ईएमएस/10/मई /2026