भोपाल(ईएमएस)। पिपलानी थाना इलाके में एक युवक को अपने दोस्त पर भरोसा करना महंगा पड़ गया। निजी कंपनी में काम करने वाले युवक को पैसों की जरूरत थी। वह जेवर गिरवी रखकर लोन लेना चाहता था। यह जानकार उसके साथ काम करने वाले साथी ने कहा कि वह उसके जेवर गिरवी रखवाकर उसे रकम दिलवा देगा। इसके बाद गिरवी रखने के बहाने आरोपी फरियादी की सोने की अंगूठी और सोने का पैंडल लेकर चंपत हो गया। शिकायत मिलने पर पुलिस आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोकता बायपास निवासी शिव कुमार (30) ने लिखित शिकायती आवेदन देते हुए बताया की वह एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। उसी कंपनी में आरोपी यशवंत सिंह राजपूत भी काम करता है। एक साथ काम करने के चलते दोनों के बीच करीबी दोस्ती हैं। पैसो की जरुरत होने पर बीती 6 मई को शिव कुमार ने यशवंत से कहा कि वह अपनी एक अंगूठी और पैंडल गिरवी रखना चाहता है। यशवंत ने कहा कि वह उसे कम ब्याज पर अच्छा पैसा दिलवा देगा। इसके बाद वह दोपहर के समय शिव कुमार को लेकर भेल के गेट क्रमांक-एक इन्द्रपुरी स्थित निजी बैंक पहुंचा। वहां बातचीत के बाद दोनों बाहर आए। इस बीच शिव कुमार ने कहा कि वह गुटखा लेकर आता है। उसके जाते ही यशवंत सिंह, शिव कुमार की गाड़ी में लटके बैग से 85 हजार कीमत की सोने की अंगूठी और पेंडल निकाल कर रफूचक्कर हो गया। उसके बाद से उसका मोबाइल भी लगातार बंद आने लगा। फरियादी ने तीन दिन तक उससे लगातार संपर्क करने का प्रयास करते हुए उसके वापस आने का इंतेजार किया लेकिन जब यशवंत की कोई जानकारी नहीं लगी तब उसे अहसास हो गया की यशवंत ने जानबूझकर ऐसा किया है। इसके बाद शिव कुमार थाने पहुचां जहॉ पुलिस ने खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरु कर दी है। जुनेद / 10 मई