क्षेत्रीय
10-May-2026


‎कटिहार, (ईएमएस)। कटिहार पुलिस के कुर्सेला थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 20 किलो गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रविवार दिनांक 10 मई को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने मौके से एक कार भी जब्त की है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुर्सेला थानाध्यक्ष को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक पुरुष और एक महिला कार के जरिए नवगछिया बॉर्ड पुलिस चेक पोस्ट की ओर अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और नवगछिया बॉर्ड के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही कार सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से दोनों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने अपनी पहचान छोटू कुमार (22 वर्ष), पिता– अरुण मंडल तथा रेखा देवी (31 वर्ष), पति– मुकेश मंडल, निवासी नवाबगंज, थाना– कुर्सेला, जिला– कटिहार के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने कार की विधिवत तलाशी ली, जिसमें 20 किलो गांजा बरामद किया गया। बरामद मादक पदार्थ और कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कुर्सेला थाना में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। संतोष झा- १० मई/२०२६/ईएमएस