राज्य
10-May-2026


नैनीताल (ईएमएस)। सरोवर नगरी से दूर फरसोली रोडवेज कार्यशाला में कर्मचारियों ने फरवरी माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी कर निगम प्रशासन से वेतन दिलाये जाने की मांग की। इस दौरान रोडवेज कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि लगातार तीन महीने से वेतन नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा मई माह का एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद कर्मचारियों को फरवरी से अब तक वेतन नहीं मिला है। बिना वेतन के कर्मचारी मजबूरी में कार्य कर रहे हैं। बच्चों की स्कूल फीस, मकान किराया, दूध और रोजमर्रा के खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पर्यटन सीजन और पीक सीजन के चलते रोडवेज की आय अच्छी हो रही है तथा बसें पूरी क्षमता के साथ संचालित हो रही हैं, इसके बावजूद कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने निगम प्रबंधन और शासन से फरवरी से मई तक का लंबित वेतन एवं महंगाई भत्ते का जल्द भुगतान करने की मांग की। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/10 मई 2026