राज्य
10-May-2026


भोपाल (ईएमएस)। सागर जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में डायल-112 जवानों की संवेदनशील एवं मानवीय कार्रवाई से देर रात्रि में घर जाने का साधन न मिलने से परेशान एक दिव्यांग व्यक्ति को सुरक्षित उसके घर पहुँचाया गया। इस त्वरित सहायता से पीड़ित व्यक्ति को राहत एवं सुरक्षा मिल सकी। 09 मई राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112, भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना कोतवाली क्षेत्र में एक 35 वर्षीय दिव्यांग व्यक्ति अकेला मिला है, जिसे रात्रि होने के कारण घर जाने का कोई साधन नहीं मिल रहा है। पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही कोतवाली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। डायल-112 स्टाफ प्रदीप गौतम एवं मिर्जा शाहिद बेग ने मौके पर पहुँचकर दिव्यांग व्यक्ति से जानकारी प्राप्त की। पूछताछ में ज्ञात हुआ कि वह अकेले यात्रा कर रहा था एवं देर रात्रि होने के कारण उसे घर जाने के लिए कोई साधन उपलब्ध नहीं हो पा रहा था। दिव्यांग व्यक्ति ने अपना पता ग्राम अर्जिनी, थाना मोतीनगर बताया। डायल-112 जवानों ने उसकी स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्परता से एफआरव्ही वाहन की सहायता से सुरक्षित उसके घर पहुँचाया। डायल-112 जवानों की मानवीय एवं संवेदनशील कार्यवाही से एक जरूरतमंद दिव्यांग व्यक्ति को सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराई जा सकी। डायल-112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा आमजन, विशेषकर दिव्यांग एवं जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता हेतु सदैव सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। जुनैद / हरि / 10 मई, 2026