रुड़की (ईएमएस)। रुड़की के आदर्शनगर में उत्तराखंड क्रांति दल की एक अहम बैठक आयोजित की गई जिसमें पार्टी के संगठन विस्तार और आगामी चुनावों को लेकर रणनीति बनाई गई। बैठक के दौरान कई लोगों ने उत्तराखंड क्रांति दल की सदस्यता ग्रहण की। वहीं पार्टी ने उमेश प्रधान को नगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को मजबूत करने का भरोसा जताया। आदर्श नगर में आयोजित इस बैठक में उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय सचिव एडवोकेट महक सिंह सैनी और जिला अध्यक्ष दीपक लाखवान मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर चर्चा की। इस दौरान कई युवाओं और स्थानीय लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर उक्रांद का दामन थामा। केंद्रीय सचिव महक सिंह सैनी ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल का लगातार विस्तार हो रहा है। प्रदेश की जनता भाजपा और कांग्रेस से परेशान हो चुकी है और अब उक्रांद तीसरे मजबूत विकल्प के रूप में उभर रहा है। 2027 में पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी और सरकार बनाने का काम करेगी। जिलाध्यक्ष दीपक लाखवान ने कहा कि पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता उमेश प्रधान को नगर उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उमेश प्रधान संगठन को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी जा रही है ताकि पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सके।वहीं नवनियुक्त नगर उपाध्यक्ष उमेश प्रधान ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है उसका पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे और रुड़की में मजबूत कार्यकारिणी तैयार कर पार्टी को मजबूत करने का काम करेंगे। रुड़की में संगठन को मजबूत कर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने का काम किया जाएगा। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/10 मई 2026