मनोरंजन
11-May-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘बंदर’ का टीजर साझा करते हुए छोटे भाई बॉबी देओल की जमकर तारीफ की। सनी ने पोस्ट के साथ लिखा, “लुकिंग सो गुड माय लॉर्ड बॉबी।” सनी देओल का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस भी दोनों भाइयों के बीच के प्यार को काफी पसंद कर रहे हैं। वहीं सनी देओल के बेटे और अभिनेता करण देओल ने भी अपने चाचा बॉबी देओल के अभिनय और लुक की तारीफ की। करण ने इंस्टाग्राम पर टीजर शेयर करते हुए लिखा, “वाह! ‘बंदर’ का बेसब्री से इंतजार है। बॉबी चाचा, आप कमाल लग रहे हो।” करण की इस प्रतिक्रिया ने भी फैंस का ध्यान अपनी ओर खींचा है। फिल्म ‘एनिमल’ की सफलता के बाद बॉबी देओल लगातार डार्क और इंटेंस किरदारों में नजर आ रहे हैं। ‘बंदर’ में भी उनका एक अलग और रहस्यमयी अंदाज देखने को मिल रहा है, जिसने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। टीजर की शुरुआत बेहद मनोरंजक माहौल के साथ होती है, जिसमें बॉबी देओल समीर मेहरा नाम के किरदार में दिखाई देते हैं। उनका लुक 70 के दशक के डिस्को स्टार जैसा नजर आता है और वह मंच पर परफॉर्म करते दिखाई देते हैं। हालांकि कुछ ही देर में कहानी अचानक रहस्य और तनाव से भर जाती है। टीजर में दिखाया गया है कि समीर मेहरा एक डेटिंग ऐप के जरिए कुछ लड़कियों से मिलता है। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई देता है, लेकिन धीरे-धीरे यही मुलाकातें उसकी जिंदगी में बड़ी परेशानी खड़ी कर देती हैं। वह कानूनी विवादों में फंस जाता है और टीजर में उसकी गिरफ्तारी भी दिखाई गई है। फिल्म की कहानी आगे बढ़ने के साथ रहस्य, मनोवैज्ञानिक तनाव और सस्पेंस से भरती जाती है। हर दृश्य दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ाता है। फिल्म में बॉबी देओल के साथ सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत और नागेश भोसले भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है, जबकि निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है। ‘बंदर’ का निर्माण निखिल द्विवेदी की सैफ्रॉन मैजिकवर्क्स ने किया है और इसे जी स्टूडियोज प्रस्तुत कर रहा है। फिल्म 5 जून 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। बता दें कि अभिनेता बॉबी देओल अपनी आगामी फिल्म ‘बंदर’ को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। फिल्म का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी जबरदस्त चर्चा शुरू हो गई है। दर्शकों से लेकर फिल्म इंडस्ट्री तक हर कोई बॉबी देओल के नए और दमदार अवतार की सराहना करता नजर आ रहा है। सुदामा/ईएमएस 11 मई 2026