- कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन करेंगे शिविर का शुभारंभ कोरबा (ईएमएस)। नगर पालिक निगम कोरबा के टी.पी. नगर जोन कार्यालय में सोमवार 11 मई को सुशासन तिहार शिविर का आयोजन किया जायेगा। उस शिविर का प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी व श्रम मंत्री सह कोरबा नगर विधायक लखनलाल देवांगन बतौर मुख्य अतिथिशुभारंभ करेंगे, उक्त उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत के द्वारा की जायेगी। कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने सुशासन तिहार शिविर की त्रुटिरहित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने व शिविर का सफल संचालन किये जाने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिये है। छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्रांतर्गत सुशासन तिहार-2026 का आयोजन किया जायेगा, इस आयोजन के तहत विभिन्न जोन में सुशासन तिहार शिविर लगाये जा रहे हैं, जहाॅं पर विभिन्न शासकीय योजनाओ के संबंध में व्यापक जनजागरूकता, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं के लाभों का वितरण, शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 01 माह के भीतर निराकरण तथा प्रत्येक आवेदन को उसके आवेदन के निराकरण की सूचना दिये जाने की कार्यवाही संपादित की जा रही है। इस दौरान विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन पत्र आमनागरिकों से प्राप्त किये जायेगे तथा उन पर निर्धारित समयसीमा के अंदर निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित हो रही है। इसी कड़ी में सोमवार 11 मई को टी.पी. नगर जोन कार्यालय में सुशासन तिहार शिविर प्रातः 11 बजे से सायं 04 बजे तक आयोजित होगा, जिसका शुभारंभ दोपहर 12 बजे कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के हाथों किया जायेगा। सुशासन तिहार शिविरों में नगर पालिक निगम केारबा के साथ-साथ जिले के राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास विभाग, छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा), उद्यान विभाग, कृषि विभाग, छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण मर्यादित कम्पनी, समाज कल्याण विभाग, जिला शहरी विकास अभिकरण, परिवहन विभाग, जिला ई-गवर्नेस आदि सहित अन्य विभागों के काउंटर स्थापित किये जा रहे हैं। जिनके द्वारा अपने-अपने विभागों से संबंधित आवेदन पत्र आमजन से लिये जायेंगे तथा उनका समयसीमा में निराकरण किया जायेगा। - 11 मई