क्षेत्रीय
11-May-2026
...


जांजगीर (ईएमएस)। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा कर्ज से बचने के लिए अपने ही घर में नकली चोरी की घटना रचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए कुछ ही घंटों में पूरे मामले का खुलासा कर दिया। जानकारी के अनुसार, बनडभरा निवासी नरेश भारद्वाज ने बिर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके घर से अज्ञात चोरों ने अलमारी सहित 2 लाख 21 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली है। नरेश ने बताया था कि यह रकम उसने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचने के बाद घर की अलमारी में रखी थी, जिसे रात के समय चोरों ने उठा लिया। शिकायत के बाद पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। हालांकि प्रारंभिक जांच में ही मामला संदिग्ध प्रतीत होने लगा। थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने जब शिकायतकर्ता से विस्तृत पूछताछ की तो उसके बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आए। पुलिस ने तकनीकी जांच और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसके दौरान नरेश घबरा गया और आखिरकार उसने सच स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उस पर गांव के कई लोगों का कर्ज था और जमीन बिक्री से मिली राशि से उसे उधारी चुकानी पड़ती। इसी दबाव से बचने के लिए उसने पूरी रकम छिपाने की योजना बनाई और चोरी की झूठी कहानी गढ़ दी। उसने खुद ही अलमारी को घर से बाहर ले जाकर तोड़ दिया, ताकि मामला वास्तविक चोरी जैसा प्रतीत हो। पुलिस की जांच में आरोपी के घर की छत से पूरी राशि 2 लाख 21 हजार रुपए सुरक्षित बरामद कर ली गई। मौके पर पंचनामा तैयार कर परिजनों और गवाहों की मौजूदगी में रकम को जब्त किया गया। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते न केवल झूठी रिपोर्ट का पर्दाफाश हुआ, बल्कि जांच को गुमराह करने की कोशिश भी असफल रही। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। - (ईएमएस)11 मई 2026