क्षेत्रीय
11-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक पर युवती को दिल्ली ले जाकर करीब दो साल तक किराए के मकान में अपने साथ रखकर शारीरिक शोषण करने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला महिला थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार बिलासपुर निवासी 27 वर्षीय पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि वर्ष 2017 में उसकी पहचान जूटमिल थाना क्षेत्र के बाजीनपाली फटहामुड़ा निवासी अकबर अली (27 वर्ष) से मोबाइल के जरिए हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने उसे शादी का भरोसा देना शुरू किया। पीड़िता के अनुसार, 22 अगस्त 2022 को आरोपी ने उसे रायगढ़ बुलाया और अपने एक दोस्त के घर ले जाकर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वर्ष 2023 में आरोपी उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया। वहां दोनों किराए के मकान में लिव-इन में रहने लगे। युवती का आरोप है कि आरोपी लगातार शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। फरवरी 2026 में आरोपी ने अचानक शादी करने से इनकार कर दिया और उसे दिल्ली में छोड़कर रायगढ़ लौट आया। इसके बाद पीड़िता लगातार आरोपी से संपर्क करती रही, लेकिन वह टालमटोल करता रहा और बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया। परेशान होकर पीड़िता रायगढ़ महिला थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(अ) भी जोड़ी गई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाएं बिना डर के पुलिस से शिकायत करें, हर मामले में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाएगी। - (ईएमएस)11 मई 2026