क्षेत्रीय
11-May-2026
...


रायगढ़ (ईएमएस)। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में एक गंभीर ब्लैकमेलिंग मामले का खुलासा हुआ है, जहां भाजपा से निष्कासित पूर्व पार्षद पर एक युवक को दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-10 निवासी साहिल यादव (26 वर्ष) ने वार्ड क्रमांक-2 के पूर्व पार्षद श्याम भोजवानी (56 वर्ष) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। मामले में बताया गया कि साहिल यादव का पिछले 4–5 वर्षों से एक युवती से प्रेम संबंध था। कुछ दिनों पहले दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवती ने शिकायत लेकर थाने पहुंची। हालांकि बाद में आपसी समझौते के चलते मामला दर्ज नहीं हुआ। इसी बीच आरोप है कि आरोपी श्याम भोजवानी ने युवक और उसके परिवार पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। शिकायत के मुताबिक, उसने पहले 50 हजार रुपये की मांग की और कहा कि पैसा नहीं देने पर दुष्कर्म केस में फंसा देगा। बाद में वह 40 हजार रुपये पर मामला “सेटल” करने की बात कहने लगा। पीड़ित ने बताया कि आरोपी लगातार फोन कॉल कर धमकियां देता रहा और मानसिक दबाव बनाता रहा। मामला गंभीर होने पर घरघोड़ा थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान मोबाइल ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित पर्याप्त साक्ष्य मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून का भय दिखाकर अवैध वसूली करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)11 मई 2026