गुना (ईएमएस)। जिले के बागेरी खाद वितरण केंद्र पर सोमवार को खाद नहीं मिलने से नाराज किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। किसानों ने कॉलोनी-बमोरी मैन रोड पर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां आड़ी लगाकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात घंटों प्रभावित रहा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझाइश देकर जाम खुलवाया। प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि जब खाद वितरण के लिए ऑनलाइन टोकन सिस्टम बनाया गया है, तो फिर समय पर खाद क्यों नहीं दी जा रही। किसानों ने बताया कि उन्होंने 15-15 दिन पहले ऑनलाइन टोकन बुक किए थे और सोमवार की तारीख मिलने पर वितरण केंद्र पहुंचे, लेकिन यहां खाद उपलब्ध नहीं कराई गई। किसानों का आरोप था कि कुछ चुनिंदा लोगों को ही खाद दी गई, जबकि अधिकांश किसानों को खाली हाथ लौटना पड़ा। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि गोदाम में पर्याप्त खाद मौजूद है, इसके बावजूद वितरण नहीं किया जा रहा और ब्लैक में खाद बेचे जाने की आशंका है। अधिकारियों द्वारा ऑनलाइन तकनीकी त्रुटि बताकर किसानों को टालने का प्रयास किया जा रहा है। किसानों का कहना था कि 8 तारीख के टोकन वाले कुछ किसानों को खाद दी गई, लेकिन बाकी किसानों को इंतजार कराया जा रहा है। स्थिति बिगड़ने पर किसानों ने सड़क पर ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों को उचित व्यवस्था का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। - सीताराम नाटानी