पटना, (ईएमएस)। पटना के नौबतपुर इलाके में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसा पिपलावां थाना क्षेत्र के नौबतपुर-बिक्रम सोन नहर मुख्य मार्ग स्थित फरीदपुरा दरियापुर पुल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान छोटी टेंगरैला निवासी जद्दू पासवान के 30 वर्षीय पुत्र मेघा पासवान और अमरपुरा निवासी देवेंद्र मोची के 28 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बिक्रम थाना क्षेत्र के मंझौली गांव में आयोजित एक शादी समारोह में खाना बनाने का सामान पहुंचाने गए थे। देर रात कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फरीदपुरा दरियापुर पुल के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पिपलावां थाना पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेज दिया। थानाध्यक्ष सागर कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और फरार वाहन चालक की तलाश जारी है। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। - ११ मई/२०२६/ईएमएस