- बचाने वाले भी झुलसे, शादी की खुशियां मातम में बदलीं गोरखपुर (ईएमएस)। बांसगांव कस्बे में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब खौलते चीनी के सीरे (चाशनी) में गिरकर एक तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। घटना वार्ड संख्या-चार (दोनखर) की है, जहां सुरेश यादव की बेटी की 12 मई को होने वाली शादी के लिए मिठाइयां बनाई जा रही थीं। हलवाई राजेंद्र गुप्ता ने कैटरिंग का जिम्मा लिया था और काम के दौरान उनकी पौत्री अदिति वहीं खेल रही थी। जब गुलाब जामुन के लिए बड़े भगौने में चाशनी तैयार की जा रही थी, तभी अचानक खेलते-खेलते अदिति उसमें जा गिरी। बच्ची के गिरने के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। उसे बचाने की कोशिश में कुछ अन्य लोग भी झुलस गए। गंभीर रूप से झुलसी अदिति को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से नाजुक हालत देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात मासूम ने दम तोड़ दिया। अदिति के पिता अभिषेक गुप्ता बाहर नौकरी करते हैं। इस हृदयविदारक घटना से परिवार में कोहराम मच गया है और शादी वाले घर की रौनक पूरी तरह सन्नाटे में तब्दील हो गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामयश/ईएमएस 11 मई 2026