जबलपुर (ईएमएस)। जबलपुर में पंजाबी महासंघ यूथ विंग द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता पंजाबी यूनिटी लीग 2026 का गरिमामय समारोह भव्यता से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता आने वाले समय में खेल और सामाजिक एकता के क्षेत्र में एक बड़ा स्वरूप प्राप्त करेगी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री सिंह ने फाइनल मैच का टॉस कराया, जिसमें टॉस विजेता टीम ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इसके पश्चात मंत्री ने स्वयं मैदान पर उतरकर बल्लेबाजी की और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।समारोह के दौरान लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही जबलपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप जैन का भी अभिनंदन किया गया। अपने उद्बोधन में मंत्री श्री सिंह ने आयोजन समिति के परिश्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस तन्मयता और गुणवत्ता के साथ इस लीग का फॉलोअप किया गया है, वह स्मरणीय है। उन्होंने मंच से खिलाड़ियों और आयोजकों को आश्वस्त किया कि खेल और युवाओं की बेहतरी के लिए यदि कोई भी अपेक्षा होगी, तो उसे शासन स्तर पर प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। उन्होंने सभी को बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकजुटता पर बल दिया। समापन कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष भाई रिंकू विज, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, इंद्र मोहन भाटिया सहित पंजाबी महासंघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ समाजसेवी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंत्री श्री सिंह ने समापन सत्र के अंत में विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत कर उज्जवल भविष्य की मंगलकामनाएं देते हुए सभी गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया। सुनील साहू / मोनिका / 11 मई 2026/ 01.10