क्षेत्रीय
11-May-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। जीआरपी टूण्डला, फिरोजाबाद, जीआरपी सर्विलांस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर लूटपाट करने वाले शातिर अपराधी को दबोच लिया। पुलिस टीम स्टेशन पर संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि प्लेटफॉर्म नंबर 1/2 पर एक व्यक्ति वारदात की फिराक में बैठा है। टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। - गिरफ्तार आरोपी पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रीतम सिंह पुत्र स्व. फूल सिंह, निवासी बाजना, थाना हाईवे, जिला मथुरा उम्र 48 वर्ष के रूप में हुई है। - तलाशी में मिला ये सामान आरोपी के काले बैग की तलाशी में पुलिस को पुराने कपड़े, 1 मोबाइल फोन, पारले-जी बिस्कुट के 4 छोटे पैकेट, क्लोनाफिट टैबलेट के 2 इस्तेमाल किए पत्ते, 1 इस्तेमाल की हुई इंजेक्शन सिरिंज, नकदी और अन्य सामान बरामद हुआ। - ऐसे देता था वारदात को अंजाम पूछताछ में प्रीतम सिंह ने कबूल किया कि वह ट्रेनों में यात्रियों को नशीले बिस्कुट खिलाकर बेहोश कर देता था। इसके बाद उनका कीमती सामान और नकदी लेकर फरार हो जाता था। यह कार्रवाई डीजी रेलवे लखनऊ के आदेश पर चलाए जा रहे जहरखुरानी विरोधी अभियान के तहत की गई। एसपी रेलवे आगरा के निर्देशन और सीओ रेलवे इटावा के पर्यवेक्षण में टूण्डला व फिरोजाबाद जीआरपी ने यह सफलता हासिल की। आरोपी से अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ जारी है। - ईएमएस फिरोजाबाद