अंतर्राष्ट्रीय
11-May-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में देश की जनता से सोने की खरीदारी और तेल के इस्तेमाल में कमी लाने की अपील पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता और लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। रोहिणी ने पोस्ट कर प्रधानमंत्री पर गहरा तंज कसा है। रोहिणी आचार्य ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की तमाम नसीहतें और उपदेश केवल देश की जनता के लिए होते हैं, खुद मोदी जी और उनकी पार्टी व सरकार के लोगों पर ये लागू नहीं होते। उन्होंने सुझाव दिया कि बेहतर होता अगर प्रधानमंत्री उपदेश देते समय कंडीशन अप्लाई वाली बात भी कह देते, या फिर कटौती की शुरुआत अपनी तरफ से करते। आचार्य ने पीएम मोदी की नसीहतों के समय पर भी सवाल उठाकर कहा कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद ऐसी नसीहतें अप्रत्याशित नहीं, बल्कि अपेक्षित ही थीं, क्योंकि देश समझ रहा था कि चुनाव खत्म होते ही प्रधानमंत्री प्रवचन मोड में आ जाएंगे। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को पहले खुद बुलेट-प्रूफ गाड़ियों का उपयोग बंद करना चाहिए, अपने काफिले में वाहनों की संख्या घटानी चाहिए और विशेष विमान के बजाय आम यात्री जहाजों में सफर करना चाहिए। विदेश यात्राओं पर भी रोहिणी ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब लोगों से विदेश न घूमने और पैसा बचाने को कहते हैं, तब उन्हें खुद ऐलान करना चाहिए कि वे दुनिया का चक्कर लगा चुके हैं और अब किसी विदेशी यात्रा पर नहीं जाएंगे। आशीष दुबे / 11 मई 2026