हरदोई (ईएमएस)। उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के लोनार थाना क्षेत्र में ईंट भट्टे पर खोदे गए गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से सगे मासूम भाई बहन की मृत्यु हो गई। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र के ग्राम चिमना स्थित आशीष ईंट भट्टे पर लखीमपुर खीरी के अमीननगर निवासी इरशाद खान का परिवार ईंट पथाई का कार्य करता है। बीती रात को इरशाद का पुत्र अफसद (7) और पुत्री उकसार (9) भट्टे के पास खेल रहे थे। बताया जा रहा है कि भट्टे पर जल निकासी के लिए एक गहरा गड्ढा खोदा गया था, जिसमें हालिया बारिश के कारण काफी पानी भरा हुआ था। खेलते-खेलते दोनों बच्चे अचानक उस गहरे गड्ढे में चले गए और डूब गए। काफी देर तक बच्चों के न दिखने पर जब परिजनों ने तलाश शुरू की, तो उनके शव पानी में उतराते मिले। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। जितेन्द्र 11 मई 2026