राज्य
11-May-2026


भोपाल (ईएमएस) । भारतीय जनता पार्टी ने अपने विधायकों, मंत्रियों, उनके रिश्तेदारों और कार्यकर्ताओं को खुली छूट दे दी है कि वे जितनी अराजकता फैलाना चाहें फैलाएँ, क्योंकि सरकार उनकी है। प्रदेश में लगातार ऐसी घटनाएँ सामने आ रही हैं जहाँ मंत्री, विधायक और उनके समर्थक अपराधों में संलिप्त पाए जा रहे हैं। यह आरोप प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोमवार को सतना में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध, भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए लगाए है। पटवारी ने शिवपुरी में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी द्वारा अधिकारियों को धमकाने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने की घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा नेताओं की भाषा, व्यवहार और प्रशासनिक तंत्र को डराने-धमकाने की प्रवृत्ति प्रदेश की स्थिति को स्पष्ट करती है। उन्होंने कहा कि जब सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि ही प्रशासन को भयभीत करेंगे तो कानून व्यवस्था कैसे कायम रह सकती है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश अब जंगलराज का पर्याय बन चुका है। बिहार और उत्तरप्रदेश को लेकर जो बातें पहले कही जाती थीं, अब वही स्थिति मध्यप्रदेश में दिखाई दे रही है। प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और सरकार पूरी तरह मूकदर्शक बनी हुई है। पटवारी ने कहा कि भ्रष्टाचार भाजपा सरकार की पहचान बन चुका है। यदि भ्रष्टाचार का सिक्का उछाला जाए तो एक तरफ भाजपा और दूसरी तरफ भ्रष्टाचार दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा सरकारी कार्यालय बचा हो जहाँ बिना भ्रष्टाचार के आम जनता का काम हो रहा हो। भ्रष्टाचार भाजपा के खून में इस तरह दौड़ने लगा है कि उसका सीधा असर जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने उपस्थित पत्रकारों से कहा कि यदि सतना और रीवा संभाग में कोई ऐसा कार्यालय हो जहाँ बिना भ्रष्टाचार के जनता का काम हो रहा हो तो कांग्रेस पार्टी उस कार्यालय का नागरिक अभिनंदन करेगी। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की मर्यादाओं का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह मानती है कि जो जीता वही सिकंदर , लेकिन विपक्ष होने के बावजूद जनता की आवाज उठाना और सरकार की विफलताओं को सामने लाना उसका दायित्व है। उन्होंने हाल ही में जारी एनसीआरबी रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि देशभर में होने वाले कुल अपराधों में 32 प्रतिशत अपराध मध्यप्रदेश में दर्ज होना भाजपा सरकार के जंगलराज का जीवंत प्रमाण है। महिलाओं, बच्चों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और बुजुर्गों के खिलाफ अपराधों में प्रदेश लगातार शीर्ष पर बना हुआ है। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति अत्यंत भयावह हो चुकी है। प्रतिदिन 32 बेटियों के लापता होने की घटनाएँ सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि एक तरफ भाजपा सरकार लाड़ली बहनाÓ योजना और महिलाओं के 33 प्रतिशत आरक्षण की बात कर महिलाओं को गुमराह कर रही है, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में बेटियाँ सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जब बेटियाँ सुरक्षित नहीं रहेंगी तो उनका भविष्य कैसे सुरक्षित होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हर तीसरे घंटे एक बेटी के साथ दुष्कर्म हो रहा है और प्रतिदिन औसतन 26 दुष्कर्म की घटनाएँ सामने आ रही हैं, जो अत्यंत शर्मनाक और चिंताजनक स्थिति है। पटवारी ने कहा कि आदिवासियों, दलितों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के खिलाफ अत्याचार के मामलों में मध्यप्रदेश लगातार देश में बदनाम हो रहा है। भाजपा सरकार कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह असफल साबित हुई है। उन्होंने प्रदेश के गृह मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे पूरी तरह नाकारा और निकम्मे साबित हुए हैं। अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है और सरकार की निष्क्रियता के कारण प्रदेश की जनता भय के माहौल में जीने को मजबूर है। उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार अपराध और भ्रष्टाचार पर तत्काल कठोर कार्रवाई करे तथा महिलाओं, दलितों, आदिवासियों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जवाबदेही तय करे। आशीष पाराशर/11 मई2026