राज्य
11-May-2026


मुरादाबाद (ईएमएस)। यूपी के मुरादाबाद जिले की कांठ रोड स्थित पीएस ग्रीन ऑर्चिड के पास निर्माणाधीन इमारत के गटर टैंक में सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद हुआ। बच्चा चार मई से लापता था, जिसकी गुमशुदगी सिविल लाइंस कोतवाली में दर्ज कराई गई थी। जानकारी के मुताबिक बिहार के अररिया जिले के रहने वाले हसीब पिछले दो वर्षों से कांठ रोड क्षेत्र में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। परिवार में पत्नी कुरैशा, बेटी हसरती और सात वर्षीय बेटा हसन था। बताया गया कि चार मई को हसन खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने पांच मई को सिविल लाइंस कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजन लगातार बच्चे की तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच देर रात पीएस ग्रीन आर्चिड के पास निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे मजदूरों को तेज बदबू महसूस हुई। बदबू का स्रोत तलाशते हुए मजदूर गटर टैंक के पास पहुंचे तो उन्होंने पानी में बच्चे का शव उतराता देखा। इसके बाद मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सिविल लाइंस पुलिस ने शव को टैंक से बाहर निकलवाया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कराने वाले दंपत्ती को बुलाकर शव की पहचान कराई। बच्चे के शव की पहचान सात वर्षीय हसन के रूप में हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जितेन्द्र 11 मई 2026