- अज्ञात कारणों के चलते उठाया खौफनाक कदम शाजापुर (ईएमएस)। शहर में एक युवक द्वारा खौफनाक कदम उठाने का दर्दनाक मामला सामने आया है। अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने जहरीला पदार्थ पीकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। हालांकि, मौत को गले लगाने से ठीक पहले उसने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट के जरिए अपना दर्द भी बयां किया था। जानकारी के अनुसार, भाजपा कार्यालय के पास रहने वाले दीपक जाटव ने रविवार रात करीब 9 बजे जहरीली दवा पी ली। हालत गंभीर होने पर उसे शाजापुर में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया, जहां सोमवार सुबह इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतक के परिजन श्याम ने बताया कि दीपक हाल ही में ससुराल में एक शादी समारोह से लौटा था, जिसके बाद उसने अचानक यह कदम उठा लिया। युवक ने जहर क्यों खाया, इसका स्पष्ट कारण फिलहाल अज्ञात है। इस आत्मघाती कदम से पहले दीपक ने इंस्टाग्राम पर तीन भावुक स्टोरी शेयर की थीं। इनमें से एक पोस्ट में उसने लिखा था- रो दोगे एक दिन ये सोचकर के था कोई जिद्दी सा चाहने वाला, पता नहीं कहां चला गया। अन्य दो स्टोरी में भी इसी तरह के संदेश थे। सोमवार को शव शाजापुर लाया गया, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। मामले में पुलिस कारणों की जांच कर रही है। ईएमएस / 11/05/2026