:: मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद शंकर लालवानी ने खोला रास्ता; सिंहस्थ 2028 के लिए मील का पत्थर बनेगा ब्रिज :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर-देवास बायपास पर यातायात के दबाव को कम करने और वाहन चालकों को जाम से मुक्ति दिलाने की दिशा में सोमवार को बड़ा कदम उठाया गया। जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट और सांसद शंकर लालवानी ने अर्जुन बरोदा फ्लायओवर ब्रिज के ट्रायल रन का शुभारंभ किया। इसके साथ ही ब्रिज को आम जनता के लिए खोल दिया गया है। सोमवार से दोनों दिशाओं में वाहनों का नियमित संचालन शुरू होने से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों और बायपास से गुजरने वाले हजारों चालकों को बड़ी राहत मिली है। मंत्री तुलसीराम सिलावट ने बताया कि लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 800 मीटर लंबा फ्लायओवर अब पूरी तरह तैयार है। मार्च और अप्रैल के दौरान डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन करीब 70 हजार वाहन गुजरते हैं, जिन्हें अब ट्रैफिक सिग्नल और चौराहे के जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। यह फ्लायओवर न केवल स्थानीय लोगों के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 के दौरान यातायात प्रबंधन के लिए नींव का पत्थर साबित होगा। :: 15 दिन चलेगा ट्रायल, फिर पूरी होगी लाइटिंग :: ब्रिज के शुभारंभ के साथ ही सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है। सिलावट ने स्पष्ट किया कि पुल पर अभी करीब 10 से 15 दिन तक ट्रायल रन जारी रहेगा। इस दौरान यातायात के दबाव और तकनीकी बारीकियों का अध्ययन किया जाएगा। ट्रायल सफल होने के बाद डिवाइडर फिनिशिंग, साइन बोर्ड, रोड मार्किंग और लाइटिंग का काम पूरा किया जाएगा। सर्विस रोड और अप्रोच रोड को भी व्यवस्थित कर दिया गया है ताकि नीचे का यातायात भी निर्बाध रूप से चलता रहे। :: ग्रामीणों में उत्साह, गणमान्य रहे मौजूद :: इस अवसर पर क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम में श्रवणसिंह चावड़ा, जनपद अध्यक्ष मानसिंह चौहान, विश्वजीतसिंह सिसौदिया, रवि वाजपेई, गोविंद सिंह, जिला पंचायत सदस्य माखन पटेल, सरपंच दिनेश मंगरोले सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। ग्रामीणों का कहना है कि इस फ्लायओवर के शुरू होने से देवास और इंदौर के बीच का सफर अब पहले से ज्यादा सुरक्षित और तेज हो जाएगा। पुलिस और प्रशासन की निगरानी में फिलहाल ट्रायल के दौरान भारी वाहनों की गति पर नजर रखी जा रही है। प्रकाश/11 मई 2026