राज्य
11-May-2026


:: इंदौर में खपाने की थी तैयारी; करीब पौने छह लाख की शराब और वाहन बरामद, आरोपी गिरफ्तार :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में अवैध शराब के सिंडिकेट के विरुद्ध आबकारी विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। विभाग के देपालपुर वृत्त की टीम ने शहरी क्षेत्र में गश्त के दौरान एक मारुति ईको वैन को रोककर तलाशी ली, जिसमें फॉर सेल इन हरियाणा लिखी हुई विदेशी बियर का जखीरा बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर साढ़े पांच लाख रुपये से अधिक का मशरूका जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, उप निरीक्षक भगवानदास अहरवार और उनकी टीम को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की ईको वैन (एमपी 09 झेडएफ 7973) में अवैध शराब की खेप शहर की ओर आ रही है। टीम ने घेराबंदी कर जब संदिग्ध वाहन को रोका और उसकी तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। वैन के भीतर 15 पेटियों में भरी बडवाइजर मेग्नम इंटरनेशनल बियर की 360 केन बरामद हुईं। बोतलों पर दर्ज लेबल से साफ हो गया कि यह शराब हरियाणा से तस्करी कर इंदौर में अवैध रूप से खपाने के लिए लाई जा रही थी। :: घेराबंदी कर पकड़ा तस्कर :: आबकारी विभाग ने मौके से वाहन चालक सूरज पिता चिमन बुन्देला (निवासी रंगवासा राऊ, हाल मुकाम बाणगंगा) को हिरासत में लिया है। आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में स्वीकार किया कि वह कम दाम पर हरियाणा से शराब लाकर यहाँ ऊँचे मुनाफे में बेचने की फिराक में था। विभाग ने आरोपी के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। :: साढ़े पांच लाख का मशरूका जब्त :: जब्त की गई विदेशी शराब और तस्करी में प्रयुक्त मारुति ईको वैन की कुल बाजार कीमत लगभग 5 लाख 72 हजार रुपये आंकी गई है। विभाग अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा गिरोह तो काम नहीं कर रहा है। इस कार्यवाही में मुख्य आबकारी आरक्षक बद्रीसिंह जमरा, सावन सिसोदिया, रवि बघेल, योगेश कुमार मोहविया, राशी सलोट और वाहन चालक मोनू की सराहनीय भूमिका रही। अधिकारियों का कहना है कि चुनाव और आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान और तेज किया जाएगा। प्रकाश/11 मई 2026