:: नशा मुक्ति और शाकाहार का गूँजेगा संदेश; मालवा-निमाड़ सहित प्रदेश भर से जुटेंगे हजारों अनुयायी :: इंदौर (ईएमएस)। आध्यात्मिक जगत के महान संत और नशामुक्त समाज के प्रणेता स्वामी जयगुरुदेव महाराज का 14वाँ पावन भंडारा पर्व आगामी 15 मई को इंदौर के मिर्जापुर (तेजाजी नगर) स्थित आश्रम पर पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा। इस आयोजन में मालवा-निमाड़ सहित प्रदेश के कई जिलों से हजारों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है, जो अपने आराध्य के चरणों में नमन करने पहुँचेंगे। जयगुरुदेव आश्रम के अध्यक्ष चतर सिंह राजावत ने बताया कि संस्था का मुख्य ध्येय समाज को कुरीतियों और नशे के दलदल से बाहर निकालना है। इसी उद्देश्य को समर्पित यह भंडारा पर्व जन-जागरण का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि बाबा जी ने आजीवन शाकाहार और सदाचार का मार्ग दिखाया है, जिस पर चलते हुए आज लाखों परिवार खुशहाल जीवन जी रहे हैं। इस आयोजन के माध्यम से समाज को एक बार फिर इन्हीं मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। :: भजन, पूजन और सत्संग का होगा संगम :: कार्यक्रम की शुरुआत 15 मई को प्रातः 8:00 बजे पावन पूजन और आरती के साथ होगी। इसके पश्चात सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक विशाल सत्संग का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्वामी जी के अनमोल वचनों और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा। सत्संग के समापन के उपरांत विशाल भंडारा (महाप्रसादी) का आयोजन होगा, जिसमें हजारों प्रेमी जन प्रसाद ग्रहण करेंगे। आश्रम परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। :: प्रदेश भर से जुटेंगे अनुयायी :: इस महाकुंभ के लिए इंदौर के साथ-साथ उज्जैन, भोपाल, रतलाम, खंडवा, खरगोन और देवास जैसे पड़ोसी जिलों से अनुयायियों के आने का क्रम बुधवार से ही शुरू हो जाएगा। आश्रम परिसर में स्थित विशाल समाधि स्थल, सत्संग हॉल और विश्रामगृहों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से आग्रह किया है कि वे इस पावन अवसर पर सपरिवार पधारकर पुण्य लाभ अर्जित करें। नशा मुक्ति और शाकाहार के संकल्प के साथ यह आयोजन मिर्जापुर बाईपास पर भक्ति की नई रश्मि बिखेरेगा। प्रकाश/11 मई 2026