कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल रेलवे स्टेशन में पर्याप्त सुविधाओं की जरूरत है। प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर यात्रियों को छाया मिले, इसके लिए शेड जरूरी है। स्टेशनों की श्रेणी के अनुसार शेड का निर्माण कराया जाता है। कोरबा रेलवे स्टेशन के तीनों प्लेटफार्म पर शेड का निर्माण रेलवे के मानदंड के अनुसार कराया गया है। परन्तु निर्माण कार्य जारी रहने के कारण 2-3 नंबर प्लेटफार्म पर यात्रियों को असुविधा हो रही है। निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं करने पर वैधानिक कार्रवाई एजेंसियों पर हो सकती है। भीषण गर्मी को देखते हुए रेल प्रशासन ने कोरबा रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार में लगातार जुटा हुआ है। प्लेटफार्म नंबर 1 की तरह 2-3 को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। बीते माह वहां की बंद पेयजल सुविधा को सामान्य कर दिया था। इसी के साथ ही अब वहां दो वाटर कूलर, जो बिगड़े पड़े थे, उन्हें भी मरम्मत कराते हुए शुरू करा दिया है। सामान्य पेयजल और वाटर कूलर की सुविधा शुरू होने से उक्त प्लेटफार्म के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने लगी है। पीने के लिए ठंडा पानी चाहिए हो या नार्मल, दोनों की उपलब्धता रेल प्रबंधन ने शुरू करा दी है। प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर पीने के पानी की समान्य व्यवस्था के तहत 8 स्थानों पर प्याऊ बनाए गए हैं। प्रत्येक प्याऊ में 4-4 नल लगे हैं। इन दिनों सभी नलों से पीने का पानी यात्रियों को मिल रहा है। इन सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ता था।प्लेटफार्म नंबर 2-3 पर अनुबंध ठेकेदार द्वारा साफ-सफाई को लेकर विशेष ध्यान नहीं दिया जाता है। इसके कारण प्लेटफार्म पर कोल डस्ट जमा रहता है। यहां तक कि यात्रियों के बैठने के लिए लगाई गई सीटों पर भी इतना डस्ट रहता है कि यात्रियों को साफ करके बैठना पड़ता है। 12 मई / मित्तल