क्षेत्रीय
12-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। राजधानी रायपुर के मौदहापारा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज लूट की घटना सामने आई है। बाम्बे मार्केट में फल का ठेला लगाने वाले एक युवक को उसके ही पुराने परिचित ने अपने साथियों के साथ मिलकर घेर लिया और हथियार दिखाकर नकदी लूटकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, मौदहापारा निवासी शेख शाहिल रोज की तरह सोमवार रात करीब 10:20 बजे अपना ठेला बंद कर दिनभर की बिक्री की रकम लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान तालाबपार क्षेत्र स्थित महतो गैरेज के पास फिरोज कबाड़ी गली में उसके पिता के पुराने परिचित राजा बैझड़ अपने तीन साथियों के साथ बाइक और एक्टिवा से वहां पहुंचे। आरोप है कि राजा बैझड़ ने शाहिल को रोककर किसी अल्ताफ नामक व्यक्ति के घर का पता पूछने के बहाने बातचीत में उलझाया। परिचित होने के कारण शाहिल उनके साथ गली की ओर चला गया, जहां पहले से मौजूद अन्य साथियों ने उसे घेर लिया। इसके बाद एक आरोपी ने पीछे से उसका गला पकड़ लिया, जबकि बाकी ने उसके हाथ पकड़कर उसे काबू में कर लिया। इसी दौरान आरोपियों ने बंदूक और चाकू दिखाकर उसकी जेब में रखे 36,600 रुपये लूट लिए और मौके से बाइक व एक्टिवा से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पहले अपने परिजनों को सूचना दी और फिर मौदहापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में राजा बैझड़ और उसके तीन साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - (ईएमएस) 12 मई 2026