क्षेत्रीय
12-May-2026
...


वाराणसी (ईएमएस)। एशिया का सबसे बड़ा विश्वविद्यालय काशी हिंदू विश्वविद्यालय अपने छात्रों को रहने की सुविधा के लिए व्यापक योजना तैयार कर रहा है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत 5000 से ज्यादा छात्रों के लिए नए हॉस्टल उपलब्ध कराए जाएंगे। बी एच यू के 72 हॉस्टलों में इस साल कई बदलाव के साथ नए निर्माण और नई योजनाएं भी तैयार की गई हैं। बी एच यू ने इस कार्य के लिए अच्छा खासा बजट प्रस्तावित किया है। बी एच यू ने इस वर्ष हॉस्टल में काफी बदलाव किया है, जिसके तहत नई सुविधाओं के साथ जर्जर कमरों के मरम्मत इत्यादि के लिए इसी वर्ष 15.77 करोड़ रुपए निर्गत किए गए थे। इसके अलावा इस वर्ष विभिन्न हॉस्टलों में सामाजिक सांस्कृतिक आयोजन भी किए गए। स्पंदन का आयोजन भी कोविड के बाद बड़े पैमाने पर किया गया। इससे पहले अंतर संकाय और अंतर छात्रावास कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।परिसर अंतर्गत हॉस्टल में इस वर्ष कई सुरक्षा और सुविधाओं के इंतजाम भी किए गए हैं। बी एच यू की तरफ से जारी प्रवेश विवरणीका में हॉस्टलों की सुविधाओं की जानकारियां भी दी गई हैं।बी एच यू की ओर से जारी बजट आकलन में भी इस साल सभी 72 छात्रावासों के लिए 4.47 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। यह राशि सिर्फ छात्रावास में खेलकूद के आयोजन और मरम्मत कार्यों के लिए है। अंतर छात्रावास आयोजन के लिए अलग से बजट आए हैं। बी एच यू के कुल 72 हॉस्टलों में चार अंतरराष्ट्रीय छात्र-छात्राओं के लिए आरक्षित हैं, शेष 68 में 32 छात्र और 36 हॉस्टल छात्रों के लिए हैं।कुल मिलाकर इनमें 7304 कमरे और 14355 से ज्यादा सीटे हैं।पढ़ाई पूरी कर पुराने छात्रों के निकलने के बाद नए छात्रों के इस साल लगभग 2000 कमरे और 5000 सीटे खाली होगी। प्रवेश प्रक्रिया के बाद हॉस्टल आवंटन का दौर शुरू हो जाएगा। ज्ञात हो कि इस विश्व विद्यालय में आई आई टी, मेडिकल के अलावा कृषि एवं अन्य संकायों में देश के कोने कोने के छात्र दाखिला लेते हैं और कई देशों के भी छात्र यहां उच्च अध्ययन एवं शोध के लिए यहां आते हैं। - 12 मई 26