- प्रशासन की संवेदनशील पहल : विधवा महिला को पेंशन की स्वीकृति दतिया (ईएमएस)| मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुशल नेतृत्व में महिलाओं को हर क्षेत्र में नई उड़ान मिल रही है। कई योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक संबल मिल रहा है। आज वे हर क्षेत्र में आगे आकर खुद को स्थापित कर रही हैं। निश्चित ही शासन की महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं से यह संभव हो पाया है। शासन की मंशानुसार अंतिम छोर के पात्र हितग्राहियों तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जनसुनवाई में मंगलवार को एक संवेदनशील मामला सामने आया, जिसका मौके पर ही निराकरण कर प्रशासन ने मानवीय संवेदना का परिचय दिया। भांडेर तहसील के नई बस्ती क्षेत्र निवासी श्रीमती नंदनी देवी, पति स्वर्गीय श्री महेश कुमार अहिरवार, आर्थिक तंगी एवं सामाजिक सुरक्षा के अभाव में जीवन यापन कर रही थीं। पति के निधन के बाद परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई थी। इसी क्रम में उन्होंने सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना के अंतर्गत सहायता हेतु जनसुनवाई में आवेदन प्रस्तुत किया। जनसुनवाई के दौरान आवेदन प्राप्त होते ही मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया श्री अक्षय तेमरवाल के निर्देश पर जिला समग्र संयोजक श्री नरेंद्र दुबे द्वारा संबंधित निकाय से समन्वय स्थापित कर तत्काल पेंशन स्वीकृति संबंधी कार्यवाही पूर्ण की गई तथा हितग्राही को मौके पर ही स्वीकृति आदेश प्रदान किया गया। स्वीकृति आदेश प्राप्त होने पर श्रीमती नंदनी देवी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि शासन द्वारा प्रारंभ की गई जनसुनवाई जैसी पहल से उनकी समस्या का शीघ्रता से समाधान हुआ. सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना का उद्देश्य निराश्रित एवं विधवा महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन यापन हेतु सहायता उपलब्ध कराना है। शासन के निर्देशानुसार जनसुनवाई के माध्यम से पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।